भाजपा महिला मोर्चा की नई प्रदेश अध्यक्ष जबलपुर पहुंचीं:अश्वनी प्रांजपे रजवाड़े का कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी प्रांजपे रजवाड़े का रविवार को जबलपुर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। दोपहर 3:30 बजे मेडिकल रोड स्थित पिसनहारी की मड़िया पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, डीजे और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद यह उनका नगर में पहला दौरा था। इस अवसर पर प्रेस से बात करते हुए अश्वनी प्रांजपे रजवाड़े ने कहा कि यह उपलब्धि जबलपुर और संस्कारधानी की जनता के स्नेह तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने उन्हें पूर्व में जो जिम्मेदारियां सौंपी थीं, उन्हें उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाया है। आगे भी संगठन द्वारा दी जाने वाली हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से पूरा करेंगी। नगर अध्यक्ष बोले-संघर्ष के दम पर प्रदेश स्तर पर पहुंची
भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने इस नियुक्ति को जबलपुर और संस्कारधानी के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि जबलपुर की बेटी को भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश महिला मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोनकर ने बताया कि अश्वनी प्रांजपे ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और संघर्ष के दम पर प्रदेश स्तर तक पहुंची हैं। संगठन ने उनके समर्पण और संघर्ष को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी, बरगी विधायक नीरज सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *