चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत खूंटपानी प्रखंड के पांड्राशाली चौक पर सांसद प्रतिनिधि रेंगो पूर्ति की अगुवाई में भाजपा व आरएसएस के संविधान विरोधी बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव दीनबंधु बोयपाई एवं प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक प्रकाश महतो शामिल थे। दीनबंधु बोयपाई ने कहा कि बहुत दुर्भाग्य की बात है कि आज भाजपा के संवैधानिक पदों पर बैठे लोग संविधान विरोधी बयान दे रहे हैं। कल के हालिया बयान में शिवराज सिंह चौहान ने धर्मनिरपेक्ष शब्द को संविधान से हटाने की बातें कही। इससे पूर्व राज्य सभा सांसद राकेश सिन्हा एवं केजे अलफोंस ने संविधान की प्रस्तावना से समाजवाद एवं धर्मनिरपेक्ष शब्द को हटाने के लिए हाउस में प्राइवेट मेंबर बिल ला चुके हैं। इससे भी दुर्भाग्य यह रहा कि इसे राज्य सभा के उप सभापति हरिवंश ने स्वीकार भी कर लिया था। संवैधानिक तौर पर ऐसे बिल को स्वीकार ही नहीं किया जाना चाहिए था। विरोध प्रदर्शन में प्रखंड महासचिव भीमसेन गोप, मांझी होनहागा, मनोज दास, पंचायत अध्यक्ष अमीर पूर्ति, मानकी लामय, नरेश, शंकर बेसरा, मंगल सिंह हेंब्रम आदि उपस्थित थे।


