भास्कर न्यूज|बड़की सरिया ओबीसी समाज को जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण देने की मांग तेज हो गई है। आने वाले सभी चुनावों में ओबीसी आरक्षण प्रतिशत बढ़ाने की मांग उठ रही है। बुधवार को सीपीआई नेता और हजारीबाग के पूर्व सांसद भुनेश्वर प्रसाद मेहता ने सरिया में कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ओबीसी आरक्षण लागू नहीं करना चाहती। जबकि ओबीसी को 70 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में जनसंख्या के हिसाब से आरक्षण दिया गया है। अगर आने वाले दिनों में ओबीसी आरक्षण नहीं बढ़ाया गया तो राज्य ही नहीं, पूरे देश में आंदोलन होगा। यह आंदोलन तब तक चलेगा जब तक मांग पूरी नहीं होती। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनाव भी ओबीसी आरक्षण के तहत कराए जाएं। तभी ओबीसी समाज को उसका हक और अधिकार मिल सकेगा। इसके लिए राज्य के मुख्यमंत्री को भी जानकारी दी जाएगी।


