भास्कर न्यूज | बगोदर बगोदर के पुराने जीटी रोड पर सुंदरीकरण के तहत लगी 300 मास्टर स्ट्रीट लाइट में से 40 से ज्यादा लाइट बंद पड़ी हैं। दुर्गा मंदिर से नीचे बाजार तक अंधेरा पसरा है। मंदिर के पास करीब 100 मीटर इलाके में शाम होते ही सड़क पर घना अंधेरा हो जाता है। इसी इलाके में दुर्गा पूजा के लिए भव्य पंडाल बनाने का काम जारी है। इस बार पूजा को लेकर बड़ी तैयारी हो रही है। विहिप बजरंग दल के स्थानीय नेता धीरेंद्र कुमार उर्फ मन्नू ने कहा कि मेंटेनेंस के अभाव में लाइटें बंद हैं। रात में मंदिर के आसपास का इलाका अंधेरे में डूब जाता है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि 2024 में दुर्गा पूजा के कलश स्थापना के समय पुरानी जीटी रोड के सुंदरीकरण और मास्टर स्ट्रीट लाइट का उद्घाटन हुआ था। उद्घाटन को एक साल पूरा होने में अभी एक महीना बाकी है, लेकिन लाइटें पहले ही बंद हो गई हैं। संवेदक मेंटेनेंस को लेकर लापरवाह हैं। बगोदर पश्चिम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मण महतो ने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण कुछ लाइटें बंद हैं। श्री शक्ति दुर्गा मंदिर में इस बार भव्य पूजा और मेला होना है। पंडाल निर्माण चालू है। ऐसे में संवेदक को लाइटें ठीक करने के लिए तुरंत आगे आना चाहिए। पुरानी जीटी रोड के सुंदरीकरण पर साढ़े 13 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इसके बावजूद कई जगह नालियों की कमी से बारिश का पानी सड़क पर बह रहा है। इससे गंदगी फैल रही है। पूजा और मेले के दौरान लोगों को इससे परेशानी होगी।


