भास्कर न्यूज। अंबागढ़ चौकी जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मोहला स्थित वंदन केंद्र में गृहमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एकजुट रहने और जनसंघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार रहने का आह्वान किया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित भाजपा के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, युवा मोर्चा सहित जिले के समस्त पदाधिकारी व जमीनी कार्यकर्ता मौजूद थे। गृहमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रहित, जनसुरक्षा और आदिवासी-ग्रामीण विकास के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और विपक्ष की भ्रम फैलाने वाली राजनीति का सशक्त रूप से जवाब दें। जिले में नंबर-वन राजनीतिक शक्ति बनाने का संकल्प लिया: बैठक में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और संगठन विस्तार को लेकर ठोस रणनीति बनाई गई कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा ने गृहमंत्री का स्वागत किया। कहा कि जिले का हर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में संगठन को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए तैयार है। अंबागढ़ चौकी. मोहला में गृहमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया।


