भानपुर में बस की टक्कर से शिक्षिका की मौत:स्कूल जाते समय हुआ हादसा, बस चालक को तलाश रही पुलिस

भानपुर इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय महिमा के रूप में हुई है, जो अयोध्या नगर की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार महिमा एक निजी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर कार्यरत थी। छोला थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ। महिमा रोज की तरह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान भानपुर के पास एक तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बस को पुलिस ने कब्जे में लिया घटना की सूचना करीब 9 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल बस की पहचान कर ली गई है और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल बस चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *