डीडवाना के लिए यह गर्व की बात है कि राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ 27 नवंबर को मस्कट (ओमान) में आयोजित होने वाली फीबा एशियन लीगल कमेटी की उच्चस्तरीय बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। डीडवाना निवासी राठौड़ को फीबा-एशिया द्वारा विशेष आमंत्रण भेजा गया है, जिसे खेल जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय बैठक में एशिया के विभिन्न देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जहां बास्केटबॉल के प्रबंधन, संवर्धन, प्रतिस्पर्धात्मक ढांचा और कानूनी संरचना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। राठौड़ ने बताया कि बैठक में खिलाड़ियों की पात्रता मानकों, प्राकृतिककरण प्रक्रिया, आयु सत्यापन प्रणाली, अनुशासनात्मक प्रक्रियाओं और नीतिगत सुधारों पर विस्तृत विमर्श होगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय खेल संघों में फीबा दिशानिर्देशों का समन्वय, कानूनी पारदर्शिता बढ़ाने, और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप घरेलू संरचना विकसित करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। राठौड़ ने कहा कि भारत में बास्केटबॉल की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय अनुभव खिलाड़ी विकास और नई प्रतिभाओं की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ओमान में भारतीय प्रतिनिधि के रूप में चयन पर प्रदेशभर के खेल प्रेमियों में उत्साह है। राजस्थान बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन विक्रम सिंह शेखावत, सचिव देवेंद्र सिंह शेखावत और राष्ट्रीय प्रशिक्षक भंवर सिंह राठौड़ सहित कई पदाधिकारियों ने राठौड़ को बधाई दी। नरपत सिंह राठौड़, मोहम्मद नईम, अशोक शर्मा, सुरेश कुमार, गुमान सिंह, रघुनाथ प्रसाद, अनंत शर्मा, विवेक रंजन सिंह, मीनाक्षी जोशी और सुधा ओझा ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह उपलब्धि राजस्थान के खेल जगत को नई पहचान दिलाएगी।


