भास्कर संवाददाता | सुलतानपुर चन्द्रपुर में संघ शताब्दी वर्ष पर विशाल हिंदू सम्मेलन हुआ। नगर में भारत माता की सजी झांकी के साथ भव्य यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं कलश लेकर शामिल हुईं। युवतियों ने सिर पर साफा बांधा। हाथों में केसरिया ध्वज थामे नजर आईं। डीजे की धुनों पर नगर राष्ट्र और धर्ममय वातावरण में रंगा दिखा। आयोजन स्थल पर कृष्ण गोपाल पाठक मंडली ने धार्मिक संगीत प्रस्तुत किया। श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता पूजन और सरस्वती वंदना से हुई। मंच पर डॉ. राजेश सेठी भोपाल, संत ओमप्रकाश महाराज केरवना धाम और आचार्य दीप्ति भोपाल का स्वागत किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. राजेश सेठी ने कहा, संगठित समाज से ही राष्ट्र का विकास संभव है। अब देश के लिए मरने की नहीं, जिम्मेदार नागरिक बनकर जीने की जरूरत है। उन्होंने पंच परिवर्तन के माध्यम से परिवार प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्वदेशी बोध, नागरिक कर्तव्य और पर्यावरण संरक्षण पर कार्य करने का आह्वान किया। आचार्य दीप्ति ने माताओं से बच्चों को बचपन से संस्कृति और नैतिक मूल्यों की शिक्षा देने की अपील की।


