भारत माला मुआवजा घोटाला:जल संसाधन के पूर्व और वर्तमान अफसरों समेत 6 गिरफ्तार

भारत माला प्रोजेक्ट मुआवजा घोटाला केस में ईओडब्ल्यू ने जल संसाधन विभाग के 2 अधिकारी समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को बुधवार को रायपुर के स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद 2 लोगों को न्यायिक रिमांड में और बाकी चार लोगों को पुलिस रिमांड में भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में जल संसाधन विभाग के रिटायर्ड नहर पटवारी अमीन गोपाल राम वर्मा, नहर पटवारी नरेन्द्र कुमार नायक, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष खेमराज कोसले, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कुंदन बघेल, दलाल पुनुराम देशलहरे और भोजराम साहू शामिल हैं। गोपाल राम वर्मा और नरेन्द्र कुमार नायक को 23 जुलाई तक न्यायिक रिमांड में भेजा गया है। बाकी चारों आरोपियों को 18 जुलाई तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर भेजा है। अब एजेंसी इनसे पूछताछ करेगी। जानकारी के अनुसार, जल साधन विभाग के अधिकारियों ने जानबूझकर फर्जी रिपोर्ट दी थी। बाकी आरोपियों ने फरार राजस्व कर्मियों के साथ मिलकर बटांकन, मुआवजा निर्धारण और प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा कर किसानों से मोटी रकम कमीशन के रूप में वसूली। गौरतलब है कि भारत माला प्रोजेक्ट गड़बड़ी मामले में ईओडब्ल्यू की टीम ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। जिसमें उमा तिवारी, केदार तिवारी, विजय जैन और हरमीत खनूजा शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *