भारत विकास परिषद ने शनिवार दोपहर एलआईसी रोड स्थित साता माता मंदिर में एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल और जरूरतमंद मरीजों को ऑक्सीजन कंसंट्रेशन मशीन वितरित की गई। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष रवि पोरवाल, सचिव पिंटू शर्मा, कोषाध्यक्ष संदीप दरक, मंदिर समिति सदस्य नरेंद्र पाटीदार और दानदाता राकेश मांदलिया उपस्थित रहे। संस्था ने सर्वप्रथम मंदिर समिति के एक सदस्य को ट्राई-साइकिल भेंट की। परिषद ने जीरण क्षेत्र के चीताखेड़ा स्थित आवरी माता मंदिर में भी दिव्यांगों की सुविधा के लिए जल्द ही दूसरी ट्राई-साइकिल भेंट करने का संकल्प लिया। इसका उद्देश्य दिव्यांगों को दर्शन में होने वाली परेशानी को दूर करना है। सदस्य राकेश मांदलिया द्वारा भेंट की गई ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन शहर के जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसका लक्ष्य उन मरीजों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाना है, जिन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन मनोज माहेश्वरी ने किया, जबकि सचिव पिंटू शर्मा ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।


