एसएसपी ने दिए आदेश, नाकों पर संबंधित थाने का पुलिस बल तैनात रहेगा शहर में भारी वाहनों को नो एंट्री पर सुबह से रात तक रोकने के लिए पुलिस अब नाकाबंदी करेगी। गौरतलब है कि नो एंट्री में शहर में घुसे डंपर व ट्रक 20 दिन में दो लोगों को कुचल चुके हैं। शहर के प्रवेश नाकों पर अब तक एफआरवी तैनात रहती थी, लेकिन अब एफआरवी के साथ संबंधित थाने का बल भी नाकों पर तैनात किया जाएगा। प्रवेश नाकों के आसपास के ट्रैफिक पुलिस के पाइंट पर भी भारी वाहनों को नो एंट्री में पकड़े जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश नाकों पर हाइट बैरियर लगाए जाने का प्रस्ताव भी ट्रैफिक पुलिस ने प्रशासन के पास भेज दिया है। पूर्व में भी प्रवेश नाकों पर हाइट बैरियर लगे थे लेकिन वर्तमान में नहीं हैं। शहर में सुबह 6 से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के नो एंट्री के समय में लगातार शहर में घुसने और दुर्घटनाएं होने के कारण एसएसपी धर्मवीर सिंह ने प्रवेश नाकों पर एफआरवी के साथ थानों का बल भी तैनात करने के निर्देश दे दिए हैं। यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रवेश नाकों से निकलने वाले वाहनों की सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी और नो एंट्री में किसी वाहन के प्रवेश करने पर नाकों पर तैनात बल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना अनुमति भारी वाहनों के प्रवेश से यहां हो चुकी हैं दुर्घटनाएं बहोड़ापुर क्षेत्र में सागरताल रोड पर कॉलोनी के अंदर विगत माह दोपहर में गिट्टी भरा डंपर पलटने से वृद्ध की मौत हो गई थी। वृद्ध डंपर और उसकी गिट्टी के नीचे दब गया था और उसकी सभी पसलियां टूट गई थी और सिर में चोट लगी थी। विगत सप्ताह महाराजपुरा क्षेत्र में भी एक ट्रक की टक्कर से डिलीवरी बॉय की मौत हो गई थी। वृद्ध की जान लेने वाला डंपर महाराजपुरा के रास्ते से निकाला था और रास्ते में 4-5 पाइंट से गुजरकर बहोड़ापुर तक पहुंचा था। अब इन पाइंट पर तैनात रहे बल और उनकी गतिविधियों के संबंध में एएसपी रिपोर्ट ले रहीं हैं। महाराजपुरा में डिलीवरी बॉय को कुचलने वाला ट्रक गोला का मंदिर के पाइंट से निकलकर महाराजपुरा क्षेत्र में पहुंचा था।


