भावना को मिला उत्कृष्ट विधायक सम्मान

भास्कर न्यूज | कवर्धा पंडरिया विधायक भावना बोहरा को वर्ष 2024-25 के उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही में उनकी सक्रिय भूमिका, जनहित के मुद्दों पर मुखरता और निरंतर उपस्थिति के लिए प्रदान किया गया। सम्मान छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर स्थित सेंट्रल हॉल के समक्ष आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा प्रदान किया गया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, विभिन्न मंत्री और विधायक उपस्थित रहे। विधायक भावना बोहरा ने बजट सत्र, मानसून सत्र और शीतकालीन सत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवाओं, उद्योग, एवं क्षेत्रीय विकास जैसे विषयों पर लगातार प्रश्न किए और सुझाव प्रस्तुत किए। वे सदन में पूरी तत्परता के साथ उपस्थित रहीं और उन्होंने पंडरिया विधानसभा की जनता की आवाज को विधानसभा पटल पर रखा। यह सम्मान पंडरिया विस की जनता को समर्पित भावना बोहरा ने कहा कि यह सम्मान पंडरिया विधानसभा की जनता को समर्पित है। यह मेरे लिए गर्व का विषय है, लेकिन इससे बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी है। आगे भी क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े मुद्दों को पूरी तत्परता से सदन में रखती रहूंगी। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि भावना बोहरा ने जनहित और संसदीय गरिमा के लिए जो योगदान दिया है, वह निश्चित ही प्रेरणादायी है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी विधायक बोहरा को आगे बढ़ने प्रेरित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *