भास्कर न्यूज | कवर्धा सिटी कोतवाली थाना कवर्धा क्षेत्र में गौरक्षा के नाम पर एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया था। मामले में आरोपी सागर साहू और पूरन पाली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोर्ट में गुरुवार को पेशी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 13 जुलाई रात की है। रायपुर- जबलपुर नेशनल हाइवे- 30 पर चंद्रायन हॉस्पिटल के सामने गौरक्षा के नाम पर तथाकथित लोगों ने एक युवक की सार्वजनिक पिटाई की थी। शिकायत पर मामले बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 191(3), 296, 331(6), 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच में जुटी पुलिस ने कार्रवाई करने हुए नामजद आरोपी सागर साहू आैर पूरन पाली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी ने अपने कृत्य स्वीकार करते हुए घटना में शामिल अपने साथियों के नाम भी बताए हैं। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर कार्रवाई की जा रही है। घटना 13 जुलाई की रात की है। हाइवे पर चंद्रायन हॉस्पिटल के सामने एक चारपहिया वाहन ने गाय को टक्कर मार दी थी। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे कुछेक गौ-रक्षकों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। पेट्रोल पंप संचालक आनंद चंद्रवंशी वहां से गुजर रहे थे। देखा कि कुछ लोग एक कार सवार को पीट रहे हैं। उसने बीच- बचाव की कोशिश की। आरोप है कि तभी सागर साहू, पूरन पाली और उनके साथ मौजूद 40- 50 अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आनंद के साथ मारपीट को लेकर 14 जुलाई को सर्व कुर्मी समाज ने थाने में नारेबाजी की थी। दूसरे दिन गौ-रक्षक व कार्यकर्ताओं ने थाने में घुसकर एफआईआर रद्द करने को लेकर हंगामा कर दिया था।


