लुधियाना| एससीडी गवर्नमेंट कॉलेज में बुधवार को वोकेशनलाइजेशन व स्किल के तहत स्नातकोत्तर हिंदी व शोध केंद्र द्वारा दो दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया। इस सेमीनार के पहले दिन लगभग 125 स्टूडेंट्स ने भाग लिया। पहले दिन के इस सेमिनार का विषय था व्यक्तित्व निर्माण एवम् रोज़गार के संदर्भ में भाषा की भूमिका। इस अवसर पर विभागाध्यक्षा प्रो निशि अरोड़ा तथा विभागीय प्राध्यापकों ने मुख्य वक्ता पूर्व प्रोफेसर डॉ. मुकेश कुमार अरोड़ा का स्वागत किया। डॉ. मुकेश अरोड़ा ने भाषा के विविध पहलुओं को रेखांकित करते हुए स्टूडेंट्स को बताया कि भाषा किस प्रकार से अच्छे व्यक्तित्व का निर्माण करती है। उन्होंने विस्तारपूर्वक यह भी बताया कि रोजगार के क्षेत्र अथवा संदर्भ में भी भाषा अपनी अहम भूमिका कैसे निभाती है। उन्होंने अपनी ज़िन्दगी के बहुत से अनुभव भी स्टूडेंट्स के साथ सांझे करते हुए भाषा की भूमिका के बारे में बताया। इस दौरान विभागीय प्राध्यापक डॉ सौरभ कुमार, डॉ. मोनिका, डॉ. मोनिका जैन, प्रो संदीप कुमार, डॉ. सोनदीप तथा प्रो इंद्रजीत पासवान भी मौजूद रहे।


