भास्कर अपडेट्स:नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 12-13 पर भारी भीड़, रेलवे बोला- स्थिति सामान्य

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 12-13 पर भारी भीड़ जमा है। रविवार को 5 ट्रेनों के लेट होने के चलते भीड़ जमा हुई है। रेल मंत्रालय ने X पोस्ट में कहा- ट्रेनों के लेट होने के चलते भीड़ जमा हुई। हालांकि भगदड़ जैसी स्थिति नहीं है। जिन लोगों के रिजर्वेशन नहीं हैं, उन्हें प्लेटफॉर्म से बाहर ले जाया गया है। कुछ ट्रेनें निकल गई हैं। स्थिति सामान्य है। किसी को भी चोट नहीं आई है। दरअसल, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शिव गंगा एक्सप्रेस का डिपार्चर टाइम रात 08:05 का था, लेकिन ट्रेन 09:20 पर रवाना हुई। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का रात 09:15 बजे चलनी थी, लेकिन समय के बाद भी वो नहीं चली। जम्मू राजधानी एक्सप्रेस का रात 09:25 बजे प्रस्थान निर्धारित था, लेकिन ट्रेन देरी से चली। लखनऊ मेल का डिपार्चर टाइम रात 10:00 बजे का था, लेकिन ये भी लेट थी। इसी तरह मगध एक्सप्रेस रात के 09:05 बजे आनी थी, लेकिन वो देरी से स्टेशन पहुंची। आज की अन्य बड़ी खबरें… राजीव चंद्रशेखर होंगे केरल बीजेपी के नए अध्यक्ष, आधिकारिक घोषणा 24 मार्च को पूर्व केंद्रीय IT मंत्री और टेक्नोक्रेट से राजनेता बने राजीव चंद्रशेखर केरल बीजेपी के नए अध्यक्ष होंगे। इसका फैसला रविवार को पार्टी कोर कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक में केरल प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर और सह-प्रभारी अपराजिता सारंगी सहित वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इसकी घोषणा 24 मार्च (सोमवार) को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी तिरुवनंतपुरम के उदय पैलेस कन्वेंशन सेंटर में होगी। यह अपॉइंटमेंट केरल में बीजेपी के विस्तार और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। बुलढाणा में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत, दो घायल महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में 23 मार्च को ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। विस्फोट दोपहर में मलकापुर के लक्ष्मी नगर इलाके में हुआ। ऑक्सीजन सिलेंडर को ऑटोरिक्शा में लोड किया जा रहा था, तभी उसमें विस्फोट हो गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। केजरीवाल बोले- AAP सत्ता के लिए नहीं, भगत सिंह के सपनों को पूरा करने आई, आज के शासक अंग्रेजों से भी बदतर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह और समाज सुधारक भीमराव अंबेडकर के सपनों को पूरा करने के लिए राजनीति में आई है, न कि सत्ता के लिए। पार्टी के एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में बोलते हुए केजरीवाल ने सत्तारूढ़ भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में आने के बाद दोनों महापुरुषों की विरासत का अनादर करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि आज के शासक अंग्रेजों से भी बदतर हैं। दिल्ली में सत्ता संभालने के 48 घंटे के भीतर ही भाजपा ने सरकारी कार्यालयों से भगत सिंह और अंबेडकर की तस्वीरें हटा दीं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या भगत सिंह से ज्यादा देश के लिए किसी ने बलिदान दिया है। वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन करेगा ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने रविवार को वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की। AIMPLB के कार्यालय सचिव मोहम्मद वकार उद्दीन लतीफी ने बयान में कहा- 17 मार्च को दिल्ली में बड़े पैमाने पर और सफल विरोध प्रदर्शन के बाद, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। आंदोलन के पहले चरण के तहत 26 मार्च को पटना और 29 मार्च को विजयवाड़ा में राज्य विधानसभाओं के सामने विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई गई है। इसमें कहा गया है कि AIMPLB के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ-साथ राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि इन प्रदर्शनों में भाग लेंगे।बयान के अनुसार- पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सहित JDU, RJD, कांग्रेस और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। आंध्र प्रदेश में TDP, YSR कांग्रेस, कांग्रेस और CPI-CPI (M) को भी आंदोलन में शामिल होने को कहा गया है। इलियास ने कहा कि इन विरोध प्रदर्शनों का उद्देश्य भाजपा के गठबंधन सहयोगियों को स्पष्ट संदेश भेजना है- या तो विधेयक के लिए समर्थन वापस ले लें या फिर हमारा समर्थन खोने का जोखिम उठाएं। नागपुर हिंसा के 6 दिन बाद सभी इलाकों से कर्फ्यू हटा, 17 मार्च को हिंसा भड़की थी रविवार को महाराष्ट्र के नागपुर के बाकी बचे चार इलाकों से कर्फ्यू हटा लिया गया। हिंसा भड़कने के छह दिन बाद शहर के सभी इलाकों में जनजीवन सामान्य हो गया है। 17 मार्च को हुई हिंसा के बाद, कोतवाली, गणेशपेठ, तहसील, लकड़गंज, पचपावली, शांति नगर, सक्करदरा, नंदनवन, इमामबाड़ा, यशोधरा नगर और कपिल नगर पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया था। इससे पहले 20 मार्च को नंदनवन और कपिल नगर थाना क्षेत्रों से तथा 22 मार्च को पचपावली, शांति नगर, लकड़गंज, सक्करदरा और इमामबाड़ा क्षेत्रों से कर्फ्यू हटा लिया गया था। AAP ने गुजरात में विसावदर विधानसभा उपचुनाव के लिए गोपाल इटालिया को उम्मीदवार बनाया आम आदमी पार्टी ने गुजरात में विसावदर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। आप के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने रविवार को यह घोषणा की। इटालिया पहले राज्य में आप के संयोजक रह चुके हैं। इटालिया 2020 में AAP में शामिल हुए थे। इंफाल में मैतेई कट्टरपंथी संगठन और उग्रवादी संगठन UNLF के बीच झड़प, चार घायल, पुलिस ने गिरफ्तार किया मणिपुर के इंफाल में मैतेई कट्टरपंथी संगठन अरम्बाई तेंगोल के सदस्यों के साथ झड़प में प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट संगठन (UNLF) के चार आतंकवादी घायल हो गए। चार घायल UNLF उग्रवादियों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। यह घटना शनिवार दोपहर को हुई जब अरम्बाई तेंगोल के 15-20 सदस्य कोंगपाल चिंगंगबाम लेईकाई में UNLF उग्रवादी इरेंगबाम नंदकुमार सिंह के घर में घुस गए और इंफाल घाटी स्थित संगठन के उग्रवादियों पर हमला कर दिया। दिल्ली के डियर पार्क में दो नाबालिग की पेड़ पर लटकती लाश मिली, सुसाइड का संदेह साउथ दिल्ली के हौज खास इलाके में स्थित डियर पार्क में रविवार सुबह एक लड़का और लड़की पेड़ से लटके मिले। पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। सुबह 6:31 बजे डियर पार्क के एक सुरक्षा गार्ड बलजीत सिंह ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मृत लड़के ने काले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी, जबकि लड़की ने हरे रंग की ड्रेस पहन रखी थी। जम्मू कश्मीर के गांदरबल में सड़क हादसे में 4 पर्यटकों की मौत, 17 घायल जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के गंड कंगन इलाके में पर्यटकों से भरी एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 4 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कर्नाटक के राघवेंद्र स्वामी मठ में 3 करोड़ 48 लाख रुपए नकद, 1 किलो चांदी और 32 ग्राम सोना एक महीने में दान किया गया कर्नाटक के रायचूर स्थित राघवेंद्र स्वामी मठ में कुल 3 करोड़ 48 लाख 69 हजार 621 रुपए नकद, 32 ग्राम सोना और 1.24 किलोग्राम चांदी दान की गई। इस मठ का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सौ से अधिक पुजारी मठ में दान की रकम गिनते नजर आ रहे हैं। यह दान पिछले एक महीने में किया गया, इस महीने में संत राघवेंद्र स्वामी की जयंती मनाने के लिए लाखों श्रद्धालु मंदिर आए थे। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादी ठिकाने का पता चला, हथियार और गोला-बारूद बरामद, ग्रामीणों ने दी थी सूचना जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भालरा वन क्षेत्र में एक आतंकवादी ठिकाने का पता चला है। ठिकाने से एक पिस्टल, तीन मैगजीन, AK राइफल की 25 राउंड गोलियां और गोला-बारूद बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को स्थानीय पुलिस और सेना के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान ठिकाने का पता चला। हांलाकि, अभी तक कोई संदिग्घ नही पकड़ा गया है। किश्तवाड़ जिले के गुरिनाल, थाथरी और चतरू जंगलों में पुलिस, सेना और CRPF की संयुक्त तलाशी अभियान भी जारी है। 20 मार्च को कुछ ग्रामीणों ने ऊंचाई वाले इलाकों में संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना दी थी। केरल में बेटे ने मां हत्या की कोशिश के बाद खुदकुशी की, आर्थिक तंगी से परेशान था केरल के कोल्लम जिले में 35 वर्षीय रंजीत ने अपनी बीमार मां की हत्या की कोशिश के बाद खुदकुशी की। आर्थिक तंगी और मां की बिगड़ती सेहत के कारण दोनों ने साथ मरने का फैसला किया था। शुक्रवार को रंजीत और उनकी 58 वर्षीय मां सुजाता ने भारी मात्रा में दवाइयां खा लीं। इसके बाद रंजीत ने शॉल से मां का गला घोंटने की कोशिश की और उन्हें मरा समझकर फांसी लगा ली। लेकिन सुजाता बच गईं और गंभीर हालत में घर में पड़ी रहीं। अगली सुबह बिजली विभाग के कर्मचारी बिल जांचने पहुंचे, तो उन्होंने सुजाता की आवाज सुनी और स्थानीय लोगों को बुलाया। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। दिल्ली: बच्चों के विवाद में चाकू घोंपकर एक व्यक्ति की हत्या, पांच घायल दिल्ली के पत्थर वाला बाग में विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच लड़ाई में 65 साल के एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पांच लोग घायल हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राधे श्याम के रूप में हुई है, उसके दो बेटे कमल (35) और गौतम (25) हैं। कमल के 8 साल के बेटे का किसी दूसरे परिवार के बच्चों से झगड़ा हुआ था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *