भास्कर अपडेट्स:बेंगलुरु के होसुर में मद्दुरम्मा देवी जात्रे के दौरान हादसा, प्रतिमा लेकर जा रहा 100 फीट ऊंचा रथ गिरा, 2 लोग घायल

बेंगलुरु के अनेकल के पास होसुर में मद्दुरम्मा देवी जात्रे (गांव का मेला) में देवी प्रतिमा लेकर जा रहा रथ गिर गया। श्रद्धालु जब इस रथ को खींच रहे थे, तभी एक जगह जाकर यह 100 फीट ऊंचा रथ गिर गया। जिससे उस पर चढ़े और आस-पास चल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। बचाव कार्य जारी है। आज की अन्य बड़ी खबरें… पाकिस्तान सेना ने भारत को लौटाए जम्मू-कश्मीर में झेलम नदी में बहे दो लोगों के शव भारतीय सेना ने शनिवार को बताया कि बारामूला के उरी तहसील से लापता हुए दो युवकों के शव पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) से भारत लाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 5 मार्च को बसग्रान और कमलकोट गांवों के एक युवक और युवती झेलम नदी में डूब गए थे। सेना ने दोनों के शवों की तलाश की थी, लेकिन शव बरामद नहीं हुए थे। इसके बाद 20 मार्च को सेना ने झेलम नदी में मृतक पुरुष का शव देखा। पानी की तेज धाराओं के कारण शव नियंत्रण रेखा (LoC) से आगे पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर (PoJK ) के चकोठी सेक्टर में चला गया था। मानवीय सहयोग का प्रदर्शन करते हुए भारतीय और पाकिस्तानी सेना ने मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया और शव बरामद किए। 22 मार्च की दोपहर 12 बजे उरी सेक्टर में कमान अमन ब्रिज पर पाकिस्तानी अधिकारियों ने दोनों शव भारतीय सेना को सौंपे। दिल्ली सरकार में मंत्री परवेश वर्मा ने लापरवाह अधिकारियों पर की कार्रवाई दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश वर्मा ने त्रिनगर विधानसभा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक अधिकारी को नशे में पाए जाने पर ट्रांसफर का आदेश दे दिया। इसके अलावा, NH-9 सर्विस लेन पर नालों की मरम्मत में लापरवाही के कारण एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया। मंत्री ने सभी अधिकारियों को मानसून से पहले सीवरलाइन की सफाई पूरी करने और सड़कों पर सफाई की रोजाना निगरानी का निर्देश दिया। साथ ही आदेश दिया कि सड़क निरीक्षण की रिपोर्ट रोजाना PWD की ई-मानिटर ऐप पर अपलोड करें। अनंतनाग पुलिस ने LeT आतंकी का अनंतनाग स्थित घर गिराया जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर रेखा हसनपोरा में एक अवैध घर और चबूतरे को ध्वस्त किया। यह संपत्ति अब्दुल रशीद गनी के बेटे हारून रशीद गनी की थी। हारून प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है। पुलिस-प्रशासन का ये एक्शन आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए चलाया जा रहा है। दिशा सालियान सुसाइड केस, पिता की याचिका पर हाईकोर्ट की सुनवाई 2 अप्रेल को दिशा सालियान, दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं और 8 जून 2020 को मृत पाई गई थीं। इसके कुछ दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत का शव उनके बांद्रा स्थित फ्लैट में मिला था। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने 14 विधायकों नगर निगम में नॉमिनेट किया, शहरी विकास में नगर निगम की मदद करेंगे दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने 2025-26 के लिए दिल्ली नगर निगम में 14 विधायकों को नामित किया। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि नियुक्त विधायक बजट निर्माण, नागरिक प्रशासन और शहरी विकास में नगर निगम की मदद करेंगे। मनोनीत विधायकों में अनिल कुमार शर्मा , चंदन कुमार चौधरी, जितेंद्र महाजन, करनैल सिंह, मनोज कुमार शौकीन, नीलम पहलवान, परदुयम्न सिंह राजपूत, प्रवेश रत्न , राज कुमार भाटिया, राम सिंह नेता जी, रवि कांत, संजय गोयल, सुरेंद्र कुमार , तरविंदर सिंह मारवाह शामिल है। ठाणे में एक व्यक्ति से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग धोखाधड़ी में 67.65 लाख रुपए की ठगी, हाई रिटर्न का वादा किया था महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 53 वर्षीय एक व्यक्ति से साइबर फ्राॅड ने 67.65 लाख रुपए ठग लिए। जालसाजों ने व्यक्ति को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने का लालच दिया। पुलिस ने धोखाधड़ी में शामिल तीन लोगों की पहचान उनके मोबाइल फोन नंबरों के आधार पर की है। आरोपियों ने दिसंबर 2024 में व्यक्ति से हाई रिटर्न का वादा करके शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए राजी किया। आरोपियों ने व्यक्ति को एक ट्रेडिंग एप्लिकेशन उपलब्ध कराई और उसे विभिन्न बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा। शिकायतकर्ता ने जनवरी 2025 तक कई ऑनलाइन लेनदेन के जरिए 67.65 लाख रुपए ट्रांसफर किए। महाराष्ट्र के नागपुर में पत्रकार पर छत्रपति शिवाजी महाराज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर FIR, जमानत याचिका खारिज नागपुर के पत्रकार प्रशांत कोरतकर पर छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और इतिहासकार इंद्रजीत सावंत को धमकी देने का आरोप है। उनके खिलाफ कोल्हापुर में FIR दर्ज की गई है। कोरतकर ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की, लेकिन कोर्ट ने शुक्रवार को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। कोरतकर ने दावा किया कि उनका फोन हैक हुआ था और ऑडियो क्लिप मॉर्फ की गई। भारत-बांग्लादेश सीमा पर BSF ने 5 बांग्लादेशी नागरिकों को घुसपैठ करते गिरफ्तार किया पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ (BSF) ने पांच बांग्लादेशी नागरिकों को घुसपैठ करते हुए गिरफ्तार किया, जिनमें तीन ट्रांसजेंडर और एक बांग्लादेशी दंपति शामिल हैं। बीएसएफ के अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर बंगाल फ्रंटियर पर तैनात जवानों को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ लोग सीमा पार करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी आधार पर शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। त्रिपुरा पुलिस ने 5.5 करोड़ रुपये की नशीली दवा पकड़ी, 3 अरेस्ट त्रिपुरा में अगरतला पुलिस ने शहर के एक होटल से 1,10,000 याबा टैबलेट (नशीली दवा) जब्त की। पुलिस के मुताबिक, इन दवाओं की मार्केट में कीमत लगभग 5.5 करोड़ रुपये है। पुलिस ने तीन लोगों को भी अरेस्ट किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *