सीबीएसई ने अपने स्कूलों को बच्चों के चीनी सेवन पर नज़र रखने और उसे कम करने के लिए शुगर बोर्ड बनाने का निर्देश दिया है। बोर्ड ने पाया है कि पिछले एक दशक में बच्चों में टाइप 2 मधुमेह के मामलों में बढोतरी हुई है। इसलिए सीबीएसई ने स्कूल प्रिंसिपलों को लेटर लिखकर बच्चों के शुगर इनटेक पर नजर रखने कहा है। इसके अलावा स्कूलों को इस संबंध में अवेयरनेस सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित करने के लिए भी कहा गया है। बोर्ड बनाने के लिए डेडलाइन 15 जुलाई रखी गई है। आज की अन्य बड़ी खबरें… आंध्र प्रदेश में कार ने ट्रक को पीछे से टक्कर मारी, तीन की मौत आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में शनिवार की सुबह एक कार ने एक खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह एक्सीडेंट नेशनल हाईवे 16 पर हुई। पुलिस ने बताया कि कार में पांच सेल्स एग्जीक्यूटिव सलार थे। वे विजाग में आयोजित एक ऑफिस मीटिंग के बाद कार से राजमुंदरी लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। दो लोगों की जान बच गई है। दोनों खतरे से बाहर हैं। केदारनाथ में एम्स ऋषिकेश की एम्बुलेंस हेलिकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित केदारनाथ में एम्स ऋषिकेश के हेलिकॉप्टर एम्बुलेंस की क्रैश लैंडिंग करनी पड़ी। हेलिकॉप्टर के पिछले हिस्से में तकनीकी खराबी आने के कारण यह हादसा हुआ। हेलिकॉप्टर में तीन लोग सवार थे – एक डॉक्टर, एक पायलट और एक मेडिकल स्टाफ। तीनों सुरक्षित हैं। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने ANI को बताया कि हेलिकॉप्टर को सही तरीके से उतार लिया गया और किसी को चोट नहीं आई। दिल्ली के सीलमपुर में 16 साल के लड़के की हत्या, दो आरोपी हिरासत में पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक 16 साल के लड़के रेहान उर्फ सीलमपुरिया की हत्या कर दी गई थी। शनिवार को पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें से एक नाबालिग है। दोनों से पूछताछ जारी है। मामला सीलमपुर थाने में दर्ज किया गया है। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस जब गश्त पर थी, तो उन्हें सेंट्रल पार्क में एक बेंच के पास खून से लथपथ लाश मिली। पुलिस ने तुरंत स्थानीय थाने को सूचना दी। घायल को जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए। मुंबई एयरपोर्ट और ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई पुलिस अलर्ट मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ताज महल पैलेस होटल को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली है। इस धमकी में आतंकी अफजल गुरु और सेवक्कु शंकर की फांसी को ‘अन्यायपूर्ण’ बताया गया है। यह मेल मुंबई एयरपोर्ट पुलिस की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया। मुंबई पुलिस ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। NIA ने पुणे IED केस में दो फरार ISIS के आतंकियों को मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 2023 के पुणे IED मामले में ISIS के स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े दो फरार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी इंडोनेशिया के जकार्ता में छिपे हुए थे और जैसे ही वे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (T2) पर भारत लौटे, इमिग्रेशन विभाग ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद NIA की टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। यह मामला पुणे में IED (बम) बनाने और उसका परीक्षण करने से जुड़ा है। NIA दोनों से पूछताछ कर रही है। तमिलनाडु में बस ने ट्रैक्टर-टूरिस्ट वैन को टक्कर मारी, 8 साल की बच्ची समेत 4 लोगों की मौत;15 से ज्यादा घायल तमिलनाडु के करूर में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ओमनी बस ने एक ट्रैक्टर और फिर एक टूरिस्ट वैन में टक्कर मार दी। हादसे में 8 साल की बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई। 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। हादसा करूर-सलेम हाईवे पर हुआ। तेज रफ्तार ओमनी बस बेंगलुरु से नागरकोइल जा रही थी। मुंबई में चप्पल में छिपाकर गोल्ड तस्करी के आरोप में चाडियन नागरिक गिरफ्तार, ₹3.86 करोड़ का सोना जब्त मुंबई में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने अबाबा से लौटे एक चाडियन नागरिक को सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी चप्पल की हील में 4015 ग्राम सोना छिपाकर रखा था। तस्करी करके लाया गया सोना ₹3.86 करोड़ का है। मामले की जांच जारी है। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में स्क्रैप फैक्ट्री में आग, किसी के हताहत होने की खबर नहीं आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में शुक्रवार देर रात एक स्क्रैप फैक्ट्री में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं। घटना को लेकर और जानकारी सामने नहीं आई है। असम पुलिस ने ड्रग्स तस्करी की 2 घटनाओं का खुलासा किया, 512.58 ग्राम हेरोइन और 963 किलो गांजा जब्त असम पुलिस ने कोकराझार और गोलाघाट जिलों में दो बड़ी ड्रग्स तस्करी की घटनाओं का खुलासा किया है। गोलाघाट में 512.58 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, कोकराझार में 963 किलो गांजा जब्त किया गया। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया पर दी और कहा कि ड्रग्स के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।


