भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र स्थित देहरा गांव में सोमवार शाम गोलीबारी की घटना हो गई। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में 6 से 7 राउंड फायरिंग हुई, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी। घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक देहरा गांव के रहने वाले मुल्लू भदौरिया (22) पिता कल्याण सिंह भदौरिया और पप्पू भदौरिया पिता हीरा सिंह भदौरिया का विवाद गोलू भदौरिया और रामू तोमर से हो गया। बताया जाता है कि दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर पुराना विवाह चल रहा है। इसी बात को लेकर आज शाम को दोनों आमने-सामने हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान गोलू भदौरिया ने 315 बोर की अवैध बंदूक से फायरिंग की। घटना में मुल्लू भदौरिया को तीन गोलियां और पप्पू भदौरिया को एक गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, इस गोलीकांड में गोलू पिता सियाराम भदौरिया और रामू तोमर पिता श्याम सिंह तोमर शामिल हैं। बंदूक गोलू भदौरिया की बताई जा रही है। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। जानकारी मिलते ही देहात थाना पुलिस व सीएसपी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।


