भिंड के सरकारी वेयरहाउस में गेहूं पर पानी छिड़कते पकड़ा:रात में छापा, मोटर-ड्रम जब्त; जांच के लिए 3 अधिकारियों की टीम पहुंची

भिंड जिले के गोहद स्थित शासकीय वेयरहाउस में पीडीएस (राशन) के गेहूं की बोरियों पर देर रात पानी के छिड़काव का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (JSO) ने मौके पर छापामार कार्रवाई कर पानी छिड़कने में इस्तेमाल हो रहे मोटर और ड्रम जब्त कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार दोपहर जिला मुख्यालय से तीन सदस्यीय जांच दल गोहद पहुंच गया है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रामबिहारी सिंह तोमर ने बताया कि इसी वेयरहाउस से उचित मूल्य की दुकानों पर अनाज सप्लाई होता है। पिछले कुछ दिनों से खराब गेहूं पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर जब रात में छापा मारा गया, तो बोरियों पर पानी का छिड़काव होते मिला। टीम ने पंचनामा बनाकर सामान जब्त कर कमरे को सील कर दिया है। मैनेजर की सफाई- पानी नहीं, कीटनाशक दवा थी दूसरी ओर, वेयरहाउस प्रबंधक संजेश लोहिया ने आरोपों को खारिज किया है। उनका दावा है कि अनाज को सुरक्षित रखने के लिए डेल्टामेथ्रिन/मेलाथिन दवा का छिड़काव किया जा रहा था। यह प्रक्रिया हर 15 दिन में होती है। उन्होंने उल्टे कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पर अवैध मांग करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जांच में ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो जाएगा। 3 अफसरों की टीम कर रही जांच, शासन को भेजेंगे रिपोर्ट मामले की जांच के लिए बुधवार को भिंड से तीन अधिकारियों की टीम गोहद वेयरहाउस पहुंची। टीम में नागरिक आपूर्ति विभाग के जिला अधिकारी राजेश चौधरी, वेयरहाउस लॉजिस्टिक्स के अधिकारी राकेश सिंह भदौरिया और खाद्य आपूर्ति विभाग की कनिष्ठ अधिकारी ज्योति थानेश्वर शामिल हैं। यह टीम अनाज की जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेगी, जिसके बाद तय होगा कि यह नियम विरुद्ध पानी का छिड़काव था या कीटनाशक प्रक्रिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *