एमपी यूथ गेम्स के तहत सोमवार को राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे कुश्ती मुकाबले के दौरान अफरा-तफरी मच गई। मुरैना के अभिषेक गुर्जर और भिंड के सुरजीत सिंह के बीच दूसरे राउंड के मुकाबले में सुरजीत ने कलाजंग (सुप्लेक्स) दांव लगाया। दांव के दौरान अभिषेक की गर्दन मैट से टकराकर मुड़ गई, जिससे वह असंतुलित होकर गिर पड़े। आयोजन स्थल पर मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार उपचार के बाद पहलवान की हालत खतरे से बाहर है। कलाजंग दांव कुश्ती का खतरनाक दांव माना जाता है, जिसमें गलत संतुलन से गर्दन और रीढ़ में गंभीर चोट का खतरा रहता है।


