भिंड नगर पालिका में वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने नगर पालिका का घेराव करते हुए सीएमओ रंजीत सिकरवार को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द वेतन नहीं दिया गया तो दीपावली से पहले सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। भिंड नगर पालिका के कर्मचारियों में पिछले दो महीने से वेतन न मिलने को लेकर भारी आक्रोश है। शुक्रवार दोपहर मस्टर्ड कर्मचारी, स्थायी-अस्थायी सफाईकर्मी और विभिन्न विभागों में काम करने वाले बड़ी संख्या में कर्मचारी पालिका कार्यालय पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि दशहरा पर्व तक वेतन दिए जाने का आश्वासन नगर पालिका प्रशासन ने पहले ही दे दिया था, लेकिन त्योहार बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। अब दीपावली नजदीक है, ऐसे में घरों की तैयारी और खर्च के लिए वेतन जरूरी है। बिना वेतन लगातार काम करना मुश्किल हो रहा है। आक्रोशित कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते वेतन नहीं मिला तो वे सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे, जिससे नगर पालिका की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी। अकाउंटेंट शाखा की लापरवाही
वेतन अटकने के पीछे कारण अकाउंटेंट शाखा की लापरवाही बताई जा रही है। भिंड नगर पालिका का अकाउंटेंट प्रभार मौ नगर परिषद के सीएमओ प्रीतम माझी के पास है। बताया जाता है कि उनका ज्यादातर समय मौ में ही बीतता है और वे कभी-कभार ही भिंड आते हैं। इस कारण समय पर वेतन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही। नगर पालिका उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह भदौरिया ने कर्मचारियों के आक्रोश को स्वीकार करते हुए कहा कि सीएमओ को ज्ञापन दिया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। दैनिक भास्कर से चर्चा में अकाउंटेंट प्रभार संभाल रहे सीएमओ माझी ने कहा कि उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों को कई बार निर्देश दिए हैं कि मस्टर्ड तैयार कर फाइल जमा करें, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा। इसके चलते भुगतान अटका है। उन्होंने कहा कि सभी शाखा प्रभारियों को नोटिस जारी कर जल्द फाइल तैयार करने को कहा जाएगा, ताकि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके।


