नवविवाहिता की मौत, गले-पेट में चोट के निशान:पिता ने ससुराल वालों पर मारने का आरोप लगाया; कहा- बेटी का मोबाइल तोड़ा था

रायसेन में एक महिला की ससुराल में मौत हो गई। उसके गले और पेट में लाल निशान होने पर मायके पक्ष ने उसे मारने का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि ससुराल पक्ष वाले परेशान करते थे। बेटी का मोबाइल भी तोड़ दिया था, जिसकी वजह से वो बात भी नहीं कर पाती थी। मामला ग्राम संचेत का है। गुरुवार शाम नवविवाहिता की मौत हुई। मृतका भारती लोधी (22) की शादी महज पांच महीने पहले ही संचेत निवासी अभिषेक लोधी से हुई थी। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए गहन जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, ससुराल पक्ष भारती को मृत अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भारती के गले और शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। पिता बोले– डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर की थी शादी
मृतका के पिता लखपत सिंह लोधी ने बताया कि उन्होंने पांच माह पहले डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर धूमधाम से बेटी की शादी की थी। यह कोई साधारण मौत नहीं है, बेटी के साथ कुछ अनहोनी हुई है। बच्ची तीन दिन पहले ही गई थी। उसका मोबाइल फोड़कर फेंक दिया, बच्ची क्या ही बताती। कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ससुराल पक्ष का कहना– बाहर थे सभी सदस्य
इधर, ससुराल पक्ष का कहना है कि दशहरे के कारण परिवार के सभी लोग घर से बाहर थे। जब वे लौटे तो भारती घर में मृत अवस्था में मिली। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी और अस्पताल लेकर पहुंचे। देवनगर थाना प्रभारी हरिओम अस्ताय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *