भिंड बायपास पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया:ग्रीन पर्दा की आड़ में शराब पीने का अड्डा तोड़ा, युवक की बहस पर SDM ने लगाई फटकार

भिंड शहर में बायपास मार्ग पर सोमवार शाम जिला प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बायपास हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना रहा। अभियान के दौरान एमजेएस कॉलेज के पास प्रशासन को एक चौंकाने वाली स्थिति का सामना करना पड़ा। यहां ग्रीन पर्दा लगाकर टेबल-कुर्सी सजा दी गई थीं और चारपाई व शराब पीने का अड्डा बना रखा गया था। इसे अस्थायी होटल का रूप दिया गया था। प्रशासनिक टीम ने तत्काल इस अवैध ढांचे को हटाने की कार्रवाई की और मौके से सामान जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान बादशाह गुर्जर नामक एक युवक मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए अधिकारियों से बहस करने लगा। इस पर मौके पर मौजूद SDM अखिलेश शर्मा ने युवक को कड़ी फटकार लगाई और पुलिस कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की सख्ती के बाद युवक ने माफी मांगी और मौके से चला गया। प्रशासन की कार्रवाई में करीब आधा दर्जन अस्थायी टपरे, शेड और ढांचे हटाए गए। अधिकारियों ने बताया कि बायपास हाईवे के दोनों ओर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बायपास सहित शहर के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *