सतना में हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम:परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस की समझाइश के बाद खुला जाम

सतना जिले के नागौद-पन्ना मार्ग पर हरदुआ गांव के पास सोमवार शाम ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 39 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंचे नागौद टीआई अशोक पांडेय ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम खोला जा सका। प्रदर्शन के दौरान मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि राजकिशोर रविवार को गांव के कुछ लोगों के साथ पटेल ढाबा पर शराब पीने गया था। परिजनों का दावा है कि उसे शराब पिलाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई और शव को बगीचे में पेड़ पर लटका दिया गया। पुलिस ने संदिग्धों पर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण माने और शव लेकर रवाना हुए। रविवार शाम पेड़ पर लटका मिला था शव टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि हरदुआ निवासी राजकिशोर प्रजापति (45) का शव रविवार शाम गांव के ही एक बगीचे में पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नागौद भेजा था। पीएम के समय नहीं की थी कोई शिकायत सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पोस्टमार्टम होने तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। शव मिलने के बाद ही उन्होंने चक्काजाम कर हत्या का आरोप लगाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *