भिंड शहर में कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसी कार्यकर्ता नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 स्थित एससी बस्ती पहुंचे, जहां जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए श्रमदान किया गया। कार्यकर्ताओं ने आवागमन की सुविधा के लिए गिट्टी डालकर अस्थायी मार्ग तैयार किया। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने विकास की अनदेखी का आरोप लगाया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस एससी बस्ती में श्रमदान कर मनाया गया। प्रेस को जानकारी देते हुए संतोष त्रिपाठी ने बताया कि शहर अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया उर्फ पिंकी के नेतृत्व में वार्ड नंबर 7, गली नंबर 3 में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां लंबे समय से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई थी, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वयं श्रम कर गिट्टी बिछाई और सफाई कर लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया उर्फ पिंकी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना ऐसे समय में हुई थी, जब 1857 की क्रांति के बाद स्वतंत्रता आंदोलन बिखर गया था। कांग्रेस ने देश को एकजुट किया और 1947 में आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भिंड नगर पालिका क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में जलभराव की स्थिति है, लेकिन नगर पालिका विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दे रही है।भ्रष्टाचार चरम पर है और हालात नहीं सुधरे तो कांग्रेस आंदोलन करने को मजबूर होगी। पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी और लोकतंत्र की रक्षा करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। इस मौके पर वरिष्ठ नेता रामहरि सिंह कुशवाहा, सेवा दल जिला अध्यक्ष संदीप मिश्रा, संतोष त्रिपाठी, हलीम पठान, शिवशंकर भदौरिया, स्मिता शर्मा, संजीव बरुआ, मोहम्मद इरफान, एडवोकेट चैतन्य शर्मा, विवेक पचौरी, हरनारायण शर्मा, आयुष मिश्रा, नीरज पाठक, विक्की राजावत, करण खटीक, कोके भदौरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


