भिंड में खिली धूप, सर्दी से राहत, कोहरा छंटा:दिन का पारा 3 डिग्री चढ़कर 21 पर पहुंचा; 2-3 दिन बाद फिर बढ़ेगी ठंड

भिंड जिले में पिछले एक सप्ताह से जारी कड़ाके की सर्दी के बीच रविवार को लोगों को बड़ी राहत मिली। सुबह जल्दी कोहरा छंटने और आसमान साफ होने से तेज धूप खिली। हालांकि, 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलती रहीं, लेकिन अच्छी धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत महसूस हुई। दिन का अधिकतम तापमान 3 डिग्री के उछाल के साथ 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। पिछले एक सप्ताह से शहर में लगातार कोहरा और बादल छाए रहने के कारण फसलों पर पाले की आशंका बनी हुई थी। धूप न मिलने से फसलों की उत्पादकता भी प्रभावित हो रही थी, लेकिन अब धूप निकलने से किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं, कोहरे के कारण जो लोग यात्रा से परहेज कर रहे थे, वे मौसम साफ होते ही घरों से निकले। रविवार को बस स्टैंड पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। लोगों ने पार्कों और छतों पर बैठकर गुनगुनी धूप का लुत्फ उठाया। शुक्रवार के मुकाबले 4 डिग्री चढ़ा दिन का पारा पिछले तीन दिनों से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही थी, लेकिन रविवार को इसमें सुधार हुआ। सुबह का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शनिवार के मुकाबले एक डिग्री ज्यादा है। वहीं, दिन का अधिकतम पारा 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह शनिवार की अपेक्षा 1 डिग्री और शुक्रवार की अपेक्षा 4 डिग्री ज्यादा है। दिन भर उत्तर-पूर्वी दिशा से 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। आर्द्रता 87 फीसदी दर्ज की गई। दो-तीन दिन बाद फिर बढ़ेगी सर्दी मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, धूप निकलने से मिली यह राहत कुछ ही समय के लिए है। आगामी दो से तीन दिनों के बाद तापमान में एक बार फिर गिरावट आने की संभावना है, जिससे सर्दी का प्रकोप और बढ़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *