भिंड में जिला बार एसोसिएशन चुनाव वोटिंग हुई:कड़ी सुरक्षा में 570 वोट डाले गए; देर रात परिणाम आएंगे

भिंड शहर में जिला बार एसोसिएशन के चुनाव शुक्रवार दोपहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से कराए गए। चुनाव को लेकर पिछले दो महीनों से अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा था, जिसका असर मतदान प्रतिशत में भी दिखाई दिया। जिला बार एसोसिएशन भिंड के चुनाव मतदान अधिकारी रामकिशोर भारद्वाज की निगरानी में हुए। चुनाव प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। कुल 605 पंजीकृत मतदाताओं में से 570 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे करीब 94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बताया गया है कि मतदान समाप्ति के लगभग एक घंटे बाद मतगणना प्रारंभ होगी और देर रात तक सभी निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी। अध्यक्ष पद पर चार उम्मीदवारों में कड़ा मुकाबला
अध्यक्ष पद के लिए शैलेंद्र सिंह भदौरिया, प्रेम नारायण शुक्ला, वर्तमान अध्यक्ष विनीत मिश्रा और रामनिवास राठौर के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। उपाध्यक्ष पद के लिए बृजेंद्र सिंह भदौरिया, परशुराम समाधिया, राकेश कोराव, सूरज रेखा त्रिपाठी और पुष्पेंद्र सिंह राजावत चुनाव मैदान में हैं। सचिव पद के लिए सुरेंद्र शर्मा और उपेंद्र सिंह कुशवाह के बीच सीधी टक्कर रही। सह सचिव (शहर सचिव) पद पर ऋषि मिश्रा और भानु प्रताप सिंह बघेल के बीच मुकाबला हुआ। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए भी चुनावी मुकाबला रोचक बना हुआ है। महिला अधिवक्ताओं की भी रही सक्रिय भागीदारी
चुनाव के दौरान महिला अधिवक्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिला वकीलों ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। चुनाव परिणामों को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह बना हुआ है और सभी की निगाहें देर रात होने वाली मतगणना और परिणामों की घोषणा पर टिकी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *