भिंड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र में अलाव ताप रहे एक युवक की उसके पड़ोसी ने लाठी मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आज सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। मिहोना थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 4 दिसंबर की रात की है। सिद्धपुरा निवासी 35 वर्षीय सुनील आदिवासी अपने घर के बाहर अलाव जलाकर ठंड से बचने के लिए ताप रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाला रोहित आदिवासी वहां पहुंचा और गालीगलौज करते हुए सुनील से कहा कि ‘यहां अलाव क्यों ताप रहे हो?’ बताया गया कि इसी बात पर विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान आरोपी रोहित अपने घर के अंदर गया और लाठी लेकर आया। उसने बिना कुछ सुने सुनील के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल सुनील को परिजन और ग्रामीण तुरंत रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान ही सुनील ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मिहोना पुलिस ने आरोपी रोहित आदिवासी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। आज सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


