टीकमगढ़ जिले में यूरिया खाद की कमी से परेशान किसानों ने सोमवार को बल्देवगढ़ और खरगापुर में सड़कों पर जाम लगा दिया। पलेरा में भी किसानों ने प्रदर्शन किया और तहसीलदार को ज्ञापन दिया। किसानों ने बताया कि उन्हें पिछले एक हफ्ते से खाद नहीं मिल रही है। रामकिशन पाल ने कहा कि वे सुबह से शाम तक सोसाइटी और वितरण केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन खाद उपलब्ध नहीं है। खरगापुर में राम रिछारिया ने आरोप लगाया कि किसान सुबह से लाइन में खड़े थे, लेकिन वितरण केंद्र के कर्मचारी ताला लगाकर चले गए। पलेरा में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने भी किसानों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही बल्देवगढ़ थाना प्रभारी प्रीति भार्गव मौके पर पहुंचीं और किसानों को समझाने का प्रयास किया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी किसानों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। जिले भर में पिछले एक पखवाड़े से किसान यूरिया खाद के लिए भटक रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है।


