भिंड में शराब माफिया ने पिता-पुत्र पर किया हमला:ड्राई-डे पर बेच रहे थे अवैध शराब, वीडियो बनाने पर विवाद, पहले पिता फिर बेटे को पीटा

भिंड में दो अक्टूबर और विजयदशमी के दिन जिले में शराब की बिक्री पर रोक थी। इस दिन शराब की अवैध बिक्री का विरोध करना एक व्यक्ति और उसके बेटे को भारी पड़ गया। मेहगांव में ड्राई डे पर भी शराब का ठेका बंद रहने के बावजूद बाहर धड़ल्ले से अवैध शराब बेची जा रही थी। इसी का वीडियो बनाने पर शराब माफिया और उनके गुंडों ने पिता पुत्र पर हमला कर दिया। घायल पिता का आरोप है कि आबकारी विभाग के एसआई पर शह आरोपियों ने पिता पुत्र पर हमला किया है। आबकारी एसआई की शह पर मारपीट
जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम करीब 6.30 बजे कथित पत्रकार सुमेर सिंह नरवरिया अपने बेटे सुखवीर के साथ मिठाई लेने मेहगांव हाइवे स्थित आशीष मिष्ठान भंडार पहुंचे थे। दुकान के बगल में बंद ठेके से बाहर अवैध शराब बिक रही थी। नरवरिया जैसे ही वीडियो बनाने लगे, वहां मौजूद लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और फोन पर शराब माफिया हेमू सिकरवार व आबकारी एसआई रविशंकर तिवारी को बुला लिया। थोड़ी ही देर में पहुंचे सिकरवार और उनके गुंडों ने नरवरिया और उनके बेटे से जमकर मारपीट कर दी। हंगामा बढ़ने पर जब लोग एकत्रित होने लगे तो आरोपित मौके से भाग निकले। पहले से मिल रही थी धमकी
नरवरिया ने बताया कि वह लगातार मेहगांव और आसपास के क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री को लेकर खबरें प्रकाशित कर रहे थे। इसी कारण से शराब माफिया और आबकारी विभाग के कुछ अधिकारी नाराज चल रहे थे। उन्हें सूचना मिली थी कि आबकारी विभाग और माफिया मिलकर उनके होटल पर शराब की पेटियां रखकर उन्हें झूठे केस में फंसाना चाहते हैं। इसी आशंका में उन्होंने होटल पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे। आबकारी एसआई ने बोले- आरोप झूठे
आबकारी सब इंस्पेक्टर रविशंकर तिवारी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मैंने 10 सितंबर को एक ढाबे से अवैध शराब जब्त कर केस बनाया था। मेरे इशारे पर किसी के साथ मारपीट नहीं हुई। मेरे ऊपर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। दो अक्टूबर को मैं गश्त पर था। पुलिस ने दर्ज किया मामला
मेहगांव थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *