भिंड में स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी टक्कर:युवक की मौके पर मौत, लोगों ने हाईवे जाम किया; ड्राइवर गाड़ी छोड़ भागा

भिंड जिले के नेशनल हाईवे 719 पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जवाहरपुर गांव के पास एक स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और यातायात बहाल कराने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, ग्राम बरहे का पुरा निवासी रामू (22) पुत्र रामकुमार बघेल सोमवार सुबह करीब 8 बजे बाइक से भिंड शहर जा रहा था। तभी जवाहरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रामू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ड्राइवर फरार, टीआई बोले- परिजनों का इंतजार हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया, “मृतक के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।” इसी जगह पहले भी जा चुकी हैं 7 जानें नेशनल हाईवे 719 का यह पॉइंट हादसों के लिए कुख्यात हो चुका है। पिछले साल 17 फरवरी को ठीक इसी जगह पर एक डंपर ने लोडिंग वाहन को टक्कर मारी थी। उस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 2 घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा था। एक बार फिर उसी जगह हादसा होने से सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *