भिंड में गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए राय शुमारी हुई। ग्वालियर रोड स्थित निजी होटल में जिला निर्वाचन अधिकारी गोपीकृष्ण नेमा और चुनाव पर्यवेक्षक विधायक शैलेंद्र जैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान सक्रिय कार्यकर्ताओं से बंद लिफाफे में उनके पसंदीदा नाम मांगे गए। प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर के बाद तक चली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सौहार्दपूर्ण माहौल में अपनी राय प्रस्तुत की। चुनाव पर्यवेक्षकों ने आश्वासन दिया कि सभी नामों को भोपाल प्रदेश मुख्यालय भेजा जाएगा, जहां से 30 दिसंबर तक अंतिम निर्णय होगा। कार्यकर्ताओं से पर्सनली वन-टू-वन चर्चा की
जिला निर्वाचन अधिकारी गोपीकृष्ण नेमा और विधायक शैलेंद्र जैन ने कार्यकर्ताओं से पर्सनली वन-टू-वन चर्चा की। कार्यकर्ताओं को एक विशेष फॉर्मेट दिया गया, जिसमें जिलाध्यक्ष पद के लिए तीन नाम और एक महिला या अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से नाम प्रस्तावित करने का प्रावधान था। इस प्रक्रिया में 66 कार्यकर्ताओं ने अपनी राय दी। ये हैं प्रबल दावेदार
राय शुमारी में 10 प्रमुख नाम सामने आए। इनमें भाजपा जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह कुशवाह, सतेंद्र भदौरिया, धीर भदौरिया (जिला महामंत्री), कमल शर्मा (महामंत्री), और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोमेश महंत शामिल हैं। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग से देवेंद्र सज्जन यादव, शिवराज लला यादव और अनुसूचित जाति वर्ग से सुनील वाल्मीकि, मनोज अनंत, और धर्मा सिंह भार्गव के नाम भी प्रमुख दावेदारों में माने जा रहे हैं। विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है। जिलाध्यक्ष पद पर ऐसे व्यक्ति का चयन होगा जो संगठन को निष्ठा और समर्पण के साथ मजबूत बना सके। महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही
राय शुमारी में महिलाओं की भागीदारी रही। भाजपा महिला मोर्चा की सक्रिय कार्यकर्ताओं ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। जिला पंचायत अध्यक्ष कामना भदौरिया, सरोज जोशी, सीमा शर्मा, आरती पाठक, ममता भदौरिया और बबली तोमर समेत कई महिला नेताओं ने संगठन में महिलाओं को जिम्मेदारी देने की मांग की। वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे
रायशुमारी के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और भिंड-दतिया सांसद संध्या राय, विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह, पूर्व सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया, पूर्व राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया और पूर्व सांसद डॉ. रामलखन सिंह मौजूद रहे।


