शूटिंग अकादमी में आत्महत्या करने वाले यथार्थ रघुवंशी को न्याय दिलाने के लिए अशोकनगर में कैंडल मार्च निकाला गया। शुक्रवार शाम को शहर के गांधी पार्क पर शहर के लोग और खिलाड़ी शामिल हुए। गांधी पार्क से कैंडल मार्च इंदिरा पार्क, तुलसी पार्क होते हुए वापस गांधी पार्क पहुंचा, जहां यथार्थ को श्रद्धांजलि देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस बीच लोगों ने बताया कि यथार्थ रघुवंशी बहुत अच्छा खिलाड़ी था। आरोप लगाते हुए कहा- उसके सीनियर को डर था कि यथार्थ आगे बढ़ जाएगा और वह पीछे रह जाएंगे। इस वजह से उन्होंने यथार्थ पर झूठा चोरी का आरोप लगाया। उसे इतना प्रताड़ित किया, कि वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो गया। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों पर एफआईआर दर्ज नहीं होगी और यथार्थ को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक शहर के लोग सभी लोग चैन से नहीं बैठेंगे। जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेंगे।


