जालंधर| जिला स्तरीय बाल भिक्षा निरोधक टास्क फोर्स द्वारा आज कपूरथला चौक और चिकचिक चौक पर छापेमारी की गई। इस दौरान भीख मांगती एक बच्ची को रेस्क्यू किया गया। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी अजय भारती ने बताया कि बाल भिक्षा मांगने को जड़ से खत्म करने के लिए सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे जीवनजोत प्रोजेक्ट के तहत यह चेकिंग की गई है, जिस दौरान एक नाबालिग लड़की को छुड़ाने उपरांत उसका मेडिकल करवाया गया है। लड़की को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करने उपरांत चिल्ड्रन होम गांधी वनिता आश्रम में शेल्टर प्रदान किया गया है। बच्ची के माता-पिता के बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश होने के बाद अगली कार्यवाही आरंभ होगी। इस मौके पर जिला बाल सुरक्षा यूनिट जालंधर के अधिकारी भी मौजूद थे।


