भिलाई के पावर हाउस फल मंडी में लगी आग:दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर पाया काबू, फल समेत पूरा सामान हुआ खाक

पावर हाउस फल मंडी स्थित श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी में गुरुवार की रात करीब 8 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दो दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। जिला सेनानी एवं अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग के प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग काफी तेजी से फैल रही थी और स्थिति गंभीर थी, लेकिन दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को नियंत्रित कर लिया गया। करीब आधे घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग को बुझाया गया। इस दौरान फायर टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। बिजली काटी गई, दुकान के उपर चढ़कर बुझाई आग
दमकल विभाग की प्राथमिकता आग को आसपास स्थित अन्य दुकानों और गोदामों तक फैलने से रोकना रही। फल मंडी में बड़ी संख्या में लकड़ी के बॉक्स, प्लास्टिक कैरेट और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग फैलने का खतरा अधिक था, इसे देखते हुए पहले आस-पास के क्षेत्र की बिजली काटी गई। दुकान के उपर चढ़कर आग बुझाई गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दुकान के अंदर का सामान जलकर खाक
बताया जा रहा है कि श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी के संचालक डब्लू. पांडे (पिता ओमप्रकाश पांडे) हैं। आगजनी की इस घटना में दुकान के भीतर रखा फल, लकड़ी के बॉक्स, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग बोले- दीया-अगरबत्ती जलाकर घर गया था दुकानदार
आसपास के लोगों का कहना है कि दुकान मालिक शाम के समय दुकान बंद करते वक्त दीया जलाकर गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी से आग भड़की हो सकती है। हालांकि अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची और हालात का जायजा लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *