रिश्वत लेने वाले तहसील के बाबू निलंबित:सांची में जमानत को 3500 रुपए मांगे थे; कलेक्टर ने हटाया

रायसेन जिले की सांची तहसील में रिश्वत लेते हुए एक बाबू का वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है। सांची में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 राजेश गीते को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। यह वीडियो 31 दिसंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें राजेश गीते जमानत के संबंध में एक व्यक्ति से कथित तौर पर 3500 रुपए की राशि लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्हें नोट गिनते हुए भी देखा जा सकता है, जिसमें नोट देने वाला व्यक्ति 1500 रुपए और लाने की बात कह रहा है। कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने इस वीडियो को अवैधानिक कार्यप्रणाली और कदाचरण के लिए दुष्प्रेरित करने वाला बताया। वीडियो सामने आते ही राजस्व प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में गीते का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय (राजस्व) रायसेन नियत किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी। उल्लेखनीय है कि सांची तहसील में भ्रष्टाचार की शिकायतें कई दिनों से मिल रही थीं। यहां पदस्थ नायब तहसीलदार के रीडर राजेश गीते पर लोगों के प्रकरणों का निपटारा कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप थे। इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सरकारी दफ्तरों में छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी रिश्वत ली जाती है, जिससे आमजन परेशान हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *