भिलाई पहुंचे हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया:कहा- अयोध्या में भगवा लहराया है, अब हर हिंदू के घर पर भगवा फहराना अगला लक्ष्य

अयोध्या में राम मंदिर पर भगवा झंडा फहराए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया 29 नवंबर को भिलाई पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की और अलग-अलग मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य देशभर में हर हिंदू के घर पर भगवा फहराना है। उन्होंने इसे सामाजिक, धार्मिक और जन सरोकार से जुड़े मुद्दों पर व्यापक अभियान का हिस्सा बताया। बता दें कि प्रवीण तोगड़िया भिलाई के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद अब हर हिंदू परिवार को अच्छा घर, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, परिवार को स्वास्थ्य सुविधाएं और युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए। उन्होंने किसानों की फसल के उचित दाम को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इसके लिए वे जल्द मैदान में उतरेंगे। उन्होंने नारा दिया फसल हमारी, दाम हमारा यही चलेगा। परिषदों का किया जाएगा गठन प्रवीण तोगड़िया ने बताया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए तहसील स्तर तक राष्ट्रीय किसान परिषद की स्थापना की जाएगी। इसकी तैयारी की जा रही है। जबकि छात्रों के लिए राष्ट्रीय छात्र परिषद देशभर में कार्य करेगी। उनका कहना था कि छात्रों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार की गारंटी मिलनी चाहिए। सामूहिक हनुमान चालीसा का होगा आयोजन तोगड़िया ने घोषणा की कि संगठन पूरे देश में हर गांव और गली में शनिवार या मंगलवार को सामूहिक हनुमान चालीसा का आयोजन करेगा। उन्होंने कहा कि पहला लक्ष्य एक लाख गांवों में हनुमान चालीसा पाठ और तीन करोड़ घरों में ‘ओम श्री परिवार’ अभियान शुरू करना है। एसआईआर : बांग्लादेशियों का नाम हटना चाहिए मतदाता सूची को लेकर तोगड़िया ने कहा कि भारत की मतदाता सूची में एक भी बांग्लादेशी शामिल नहीं होना चाहिए, लेकिन कोई भी वैध भारतीय नागरिक वोट के अधिकार से वंचित भी न रहे। उन्होंने कहा कि दोनों स्थितियां लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक हैं। वहीं धर्मांतरण पर तोगड़िया का कहना था कि इसके दो बड़े कारण गरीबी और धार्मिक दृढ़ता की कमी हैं। उन्होंने बताया कि संगठन गरीब परिवारों को अनाज उपलब्ध कराने और धार्मिक जागरूकता बढ़ाने का अभियान चलाएगा, जिससे धर्मांतरण रुकने में मदद मिलेगी। देश के अंदर अंदरूनी हमले और गौ हत्या पर भी बोले तोगड़िया तोगड़िया ने देश में हो रहे आतंकी हमलों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि देश के कई हिस्सों में हमले हो रहे हैं, तो यह संकेत है कि कट्टरपंथी तत्व गांवों तक सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर में पीएम मोदी और अमित शाह जरूर अच्छी रणनीति तैयार करेंगे। गौहत्या पर उन्होंने कहा कि कानून के कठोर रूप से लागू होने पर यह पूरी तरह रुक सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *