भिलाई में मुस्लिम समाज के भवन निर्माण पर आपत्ति:नगर निगम की स्वीकृति के बाद भी सामुदायिक भवन पर विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा

छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 इलाके में गुरुवार सुबह सामुदायिक भवन के भूमिपूजन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। नगर निगम की ओर से मुस्लिम समाज के लिए प्रस्तावित सामाजिक भवन को स्वीकृति दी गई थी और इसके लिए राशि भी पास हो चुकी थी। भूमिपूजन कार्यक्रम सुबह होना था, लेकिन स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए इसका विरोध शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस परिसर में सामुदायिक भवन बनाया जाना है, वहां पहले से एक पुराना मंदिर भी मौजूद है। उनका आरोप है कि भवन बनने के बाद यहां खाने-पीने की व्यवस्था होगी, जिसमें नॉनवेज भोजन भी शामिल हो सकता है, जिससे मंदिर की आस्था को ठेस पहुंचेगी। इसी वजह से उन्होंने निर्माण का विरोध किया। पहले देखिए ये तस्वीरें… मुस्लिम पक्ष बोला- निगम से पैसा भी पास, न बने तो भी दिक्कत नहीं
वहीं मुस्लिम पक्ष का कहना है कि उन्होंने संवैधानिक तरीके से समाज के लिए सामुदायिक भवन की मांग की थी। नगर निगम द्वारा इसकी स्वीकृति मिलने के बाद आज भूमिपूजन होना था, लेकिन विरोध के चलते कार्यक्रम रोकना पड़ा। मुस्लिम समाज के सैय्यद मुस्ताक ने कहा कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। अगर भवन बनता है तो भी ठीक है, नहीं बनता है तो भी ठीक है। हम यहां वर्षों से भाईचारे के साथ रहते आए हैं और आगे भी शांति बनाए रखेंगे। हिंदू संगठन बोला-भूमिपूजन में हमें नहीं बुलाया
हिंदू संगठन बजरंग दल के सहसंयोजक अजय सिंह ने आरोप लगाया कि भूमिपूजन कार्यक्रम में हिंदू समाज के लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया था और केवल मुस्लिम समाज के लोग ही शामिल थे। उन्होंने कहा कि यह भवन सिर्फ एक समुदाय के लाभ के लिए बनाया जा रहा है, इसलिए मोहल्लेवासियों ने इसका विरोध किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने संभाला मोर्चा
विवाद की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ समय के लिए झड़प जैसी स्थिति भी निर्मित हुई थी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में माहौल शांत है। प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों से बातचीत कर आगे की कार्रवाई और समाधान निकालने की बात कही जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *