भिवाड़ी में एक और अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा:जहां ब्लास्ट हुआ वहां से 500 मीटर दूर चल रही एक और पटाखा फैक्ट्री, भारी मात्रा में सामग्री बरामद, प्रशासन मौके पर मौजूद

भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में हाल ही में हुए पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब इसी क्षेत्र में एक और अवैध पटाखा निर्माण इकाई का भंडाफोड़ हुआ है, जिससे औद्योगिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेता इमरान खान की सूचना पर प्रशासनिक टीम RIICO के प्लॉट संख्या जी-1/682 पर पहुंची। यहां स्टील फैब्रिकेशन की आड़ में पॉपअप पटाखों का बड़े पैमाने पर निर्माण चल रहा था। टीम गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसी तो भारी मात्रा में पटाखे बनाने का सामान और कच्चा माल बरामद हुआ। जहां ब्लास्ट हुआ वहां से 500 मीटर दूर दूसरी फैक्ट्री जांच में सामने आया कि इस अवैध इकाई में महिलाओं और बच्चों से भी जबरन काम कराया जाता था। यह फैक्ट्री खुशखेड़ा ब्लास्ट स्थल से महज 500 मीटर दूर थी और धमाके से दो दिन पहले तक पूरी तरह सक्रिय थी। ब्लास्ट के बाद मालिक ताला लगाकर फरार हो गया था। मौके पर एडीएम सुमित्रा पारीक, तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह, तहसीलदार, नगर परिषद और फायर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पूरे परिसर की बारीकी से जांच जारी है। कंपनी परिसर में जाने वाली बिजली की लाइन काट दी गई है, ताकि किसी और हादसे को रोका जा सके। बता दें कि कल ही इस क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग में 7 लोग जिंदा जल गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *