भिवाड़ी पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई में 79 बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जिले के सात थानों की 20 टीमों ने हिस्सा लिया। सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक चली इस कार्रवाई में 103 पुलिसकर्मियों ने 47 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया-गिरफ्तार किए गए बदमाशों में 10 ऐसे आरोपी शामिल हैं, जो आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट, हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और डकैती जैसे संगीन अपराधों में वांछित थे। इसके अलावा दो स्थाई वारंटी और 12 सामान्य मामलों में फरार अपराधियों को भी पकड़ा गया। बाकी 55 आरोपियों को विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि एरिया डोमिनेशन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। साथ ही आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना भी इस कार्रवाई का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


