भीलवाड़ा की शक्करगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ परिवहन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर इसके पास से 4 किलो 10 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। शक्करगढ़ थाना प्रभारी पूरणमल ने बताया कि एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी के तहत गश्त के दौरान किशनगढ़ से आगे खजूरी रोड पर दो इको गाड़ियां अलग-अलग दिशा में खड़ी थी। पुलिस को देख तस्कर ने कार भगाई पुलिस की गाड़ी को देखकर एक ड्राइवर गाड़ी को खजूरी की ओर भगाने लगा जिसका पीछा कर रुकवाया। ड्राइवर गाड़ी को साइड में छोड़कर भागने लगा जिसे घेरा बंदी करके पकड़ा। गाड़ी की तलाशी लेने पर इसमें अवैध डोडा चूरा पाया गया। थाने लाकर वजन करवाने पर यह 4 किलो 10 ग्राम निकला। कार जब्त- ड्राइवर गिरफ्तार पुलिस ने इको कार जब्त करते हुए ड्राइवर शंभू नाथ (29) पिता शुभ नाथ निवासी जहाजपुर को गिरफ्तार किया और एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करने वाली टीम में शक्करगढ़ थाना प्रभारी पूरणमल, कॉन्स्टेबल योगेश, मंगलम , जगदीश और रामराज शामिल रहे।


