भीलवाड़ा में तीन मंजिला खाद्य तेल गोदाम धधका:फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों ने लगाए 10 फेरे; कृषि उपज मंडी में हुई घटना

भीलवाड़ा की कृषि उपज मंडी में तीन मंजिला खाद्य तेल गोदाम में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों ने 10 से ज्यादा चक्कर लगाकर आग पर काबू पाया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटना दोपहर 12 बजे सुभाष नगर थाना क्षेत्र में स्थित कृषि उपज मंडी में बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में हुई। स्थानीय पार्षद विजय लड्‌ढा ने बताया- रविवार होने के कारण कृषि उपज मंडी और गोदाम बंद था। गोदाम में कोई नहीं था। मंडी में मौजूद लोगों ने आग की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास किए। खाद्य तेल के पीपे जलने से आग तेजी से फैली। देखिए, गोदाम में आग की 4 तस्वीरें… लोहे की शेड थी, हाइड्रोलिक क्रेन से शेड तोड़ी स्थानीय पार्षद विजय लड्‌ढा ने बताया- गोदाम में ऊपर की मंजिल लोहे के शेड से बनाई गई थी। इसके चलते आग बुझाने में काफी कठिनाई आई। हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से लोहे के टीन शेड को तोड़ा गया। साथ ही गोदाम के निचले हिस्से को भी क्रेन की मदद से तोड़कर अंदर तक फायर ब्रिगेड का पानी प्रेशर से पहुंचाया। इसके बाद मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच आग लगातार रह रहकर धधकती रही । आग लगने में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रथम दृष्ट्या शॉर्ट सर्किट आग लगने का कारण माना जा रहा है। आग से लाखों रुपए का माल जलकर खाक हो गया वहीं बिल्डिंग को भी काफी नुकसान हुआ है। फायर फाइटर हिमांशु ने बताया- गनीमत रही कि आग तेल गोदाम में बने स्टोरेज टैंक तक नहीं पहुंची वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने के बाद गोदाम में रखे प्लास्टिक के कंटेनर जल कर राख हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *