पैदल जा रहे पति-पत्नी को पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उड़ा दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि पति की हालत गंभीर है। हादसा भरतपुर जिले के उच्चैन थाना इलाके में उच्चैन-बयाना बाइपास पर रविवार सुबह 5:30 बजे हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। SHO गिर्राज सिंह ने बताया- उच्चैन-बयाना बाइपास के पास रहने वाले चतर फौजी (50) और उनकी पत्नी वीरवती (47) राेजाना घर से 500 मीटर दूरी पर बने बाड़े में मवेशियों का दूध निकालकर घर लौटते थे। रविवार को भी सुबह 5:30 बजे वे पैदल ही घर लौट रहे थे। उच्चैन-बयाना बाइपास पर पीछे से आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने दोनों को पीछे से जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गई। चतर फौजी और वीरवती उछलकर 15 फीट दूर जाकर गिरे। वीरवती की मौके पर ही मौत हो गई। चतर फौजी गंभीर रूप से घायल है। देखें एक्सीडेंट से जुड़ी 3 तस्वीरें… आवाज सुनकर लोग पहुंचे, हॉस्पिटल लेकर पहुंचे
पुलिस के अनुसार, आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर पड़े चतर फौजी और वीरवती को संभाला। घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद परिजन और पड़ोसी दोनों को उच्चैन CHC लेकर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर वीरवती का शव परिजन को सौंप दिया। चतर फौजी की हालत को देखते हुए उन्हें भरतपुर रेफर किया गया। भरतपुर के निजी अस्पताल में चतर फौजी का इलाज चल रहा है। थाना इंचार्ज गिर्राज सिंह ने बताया- चतर फौजी वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर तैनात हैं। उनकी ड्यूटी बयाना रेंज में है। वह शनिवार को घर आए थे। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। बेटा 12वीं क्लास में पढ़ता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार ड्राइवर की तलाश कर रही है। CHC पर ताला लगाकर किया प्रदर्शन
परिजन और ग्रामीणों ने बताया- घायलों को लेकर जब वे उच्चैन सीएचसी पहुंचे तो वहां घायलों को संभालने के लिए कोई डॉक्टर नहीं मिला। ऐसे में गुस्साए लोगों ने सीएचसी के गेट पर ताला लगा दिया और प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया और सीएचसी का ताला खुलवाया। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर


