भीलवाड़ा में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू हो गया और न्यायिक अधिकारी के मकान की मजबूत दीवार को तोड़ते हुए घर में घुस गया। इस हादसे में दीवार के पास मौजूद एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मलबे से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अजमेर चौराहे का है। आज दोपहर अजमेर रोड सिविल लाइंस के पास एक ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। ड्राइवर के कंट्रोल खोने के बाद एक घर की दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से युवक घायल इसी दौरान पास में खड़ा एक युवक राकेश दीवार के मलबे में दब गया और बुरी तरह घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत मलबे को हटाकर घायल राकेश को बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की डॉक्टर के मुताबिक, उसकी हालत अब स्थिर है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त मकान के मालिक और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की है ।


