भीलवाड़ा में टूटी सड़क से परेशान लोगों ने भैंस के आगे बीन बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। यहां 100 फीट रोड पर अमृत 2 योजना के तहत सीवरेज लाइन डाली गई थी। लेकिन 8 महीने बीत जाने के बाद भी ट्रेंच को सही तरीके से नहीं भरा गया। डामरीकरण का काम भी नहीं किया गया। इससे पूरी रोड पर गड्ढे हो गए। लोगों को इनसे परेशानी हो रही है। प्रदर्शन करने वाले लोगों ने कहा कि इस रोड पर चलकर गाड़ियां टूट रही हैं और एक्सीडेंट हो रहे हैं। भैंस के आगे बजाई बीन गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष धर्मेन्द्र पारीक की अगवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 100 फीट रोड पर प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप भैंस के आगे बीन बजाई और टूटी सड़क पर नारेबाजी कर प्रदर्शन कियाl। कई बार प्रदर्शन के बाद भी सुनवाई नहीं नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक ने बताया- अमृत 2 योजना के काम में सुधार के लिए कई बार प्रदर्शन कर चुके। मशाल जुलूस भी निकाला। लेकिन सड़क ठीक नहीं हुई। ठेकेदार ने मनमाने तरीके से काम किया। भीलवाड़ा शहर की जनता परेशान हो रही है। तकलीफ झेल रही है। लेकिन किसी अधिकारी जनप्रतिनिधि को कोई फर्क नहीं पड़ रहा। कांग्रेस इस दिशा में लगातार आंदोलन की ओर आगे बढ़ेगी। पीसीसी मेंबर मनोज पालीवाल ने बताया- योजना 194 करोड़ की है। इसमें 120 करोड़ का काम पूरा हो चुका है। 100 करोड़ का भुगतान संविदाकार को किया जा चुका है। लेकिन सड़क ठीक नहीं हो रही। स्थानीय विधायक बड़े-बड़े दावे करते हैं कि शहर की समस्या का समाधान किया जा रहा है, लेकिन अमृत 2 का घोटाला उन्हें दिखाई नहीं दे रहा है। इनकी रही मौजूदगी प्रदर्शन करने वालों में सुनील दत्त शर्मा, उमेश पुरबिया, शंकर लाल गाडरी, जमना लाल भडाणा, हस्ती सुखवाल,अविनाश पुरोहित,कैलाश जांगिड़, बर्दी चंद प्रजापत, गीतू गुर्जर, रामलाल शर्मा, सत्यनारायण कुमावत, पिंटू वैष्णव, सुरेश मीणा, सुनील मुरारी, नारायण कुमावत, हैप्पी, अमित पालीवाल, आशीष, पंकज आदि मौजूद रहे।


