भास्कर न्यूज | जामताड़ा/नारायणपुर जामताड़ा जिले में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और लू ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और गर्म हवाओं के चलते लोग सुबह 11 बजे के बाद अपने घरों में ही सिमट जा रहे हैं। सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। रविवार को इसके आसपास के इलाकों में दोपहर के समय धूप इतनी तीव्र थी कि लोग जरूरी काम होने के बावजूद घर से बाहर निकलने से बचते नजर आए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ न के बराबर रही। जामताड़ा का अधिकतम तापमान रविवार को 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहा। गर्मी के इस भीषण दौर में सबसे अधिक परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, सड़क किनारे दुकान लगाने वालों और राहगीरों को हो रही है। लू और गर्म हवाओं के कारण कई लोगों को थकान और डिहाइड्रेशन की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को भी लू के असर की चेतावनी जारी की है। डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा : डॉ अमरेंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस मौसम में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा काफी अधिक होता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में अनावश्यक बाहर न निकलें और दिन में कम से कम चार से पांच लीटर साफ पानी अवश्य पिएं। डॉ. सिंह ने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस कॉर्नर बनाए गए हैं, जहां से लोग मुफ्त में ओआरएस ले सकते हैं। इसके अलावा, घर पर भी नमक-चीनी का घोल बनाकर पिया जा सकता है। उन्होंने गर्मी से बचाव के लिए फैटी और तैलीय भोजन से परहेज करने, रसदार फल, खीरा और ककड़ी जैसे ठंडक देने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन की सलाह दी।


