भास्कर न्यूज | राजनांदगांव ठेका वार्डों में सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटी है। ठेकेदारों ने सोमवार को काम बंद दिया था, इसके बाद निगम प्रशासन ने उन्हें एक महीने की राशि का भुगतान किया। लेकिन ठेकेदार सालभर से अटकी राशि के भुगतान के मांग पर अड़े हुए हैं। आयुक्त की समझाइश के बाद ठेकेदारों ने काम शुरू किया था, लेकिन अब दोबारा व्यवस्था लड़खड़ा गई है। शहर के 27 वार्डों में ठेके से सफाई होती है। जहां फिलहाल आधे कर्मचारियों से ही काम लिया जा रहा है। सफाई ठेकेदारों का पक्ष है कि उन्हें अनुबंध राशि का भुगतान नहीं हो रहा, जिसके चलते वे कर्मचारियों को पेमेंट नहीं कर पा रहे हैं। इससे स्थिति बिगड़ रही है। सफाई ठेका समूहों के मुताबिक उन्हें सालभर से राशि का भुगतान नहीं किया गया। काम बंद करने पर सिर्फ एक माह का भुगतान जारी किया गया है। लेकिन यह नाकाफी है। निगम प्रशासन और ठेकेदारों के बीच हो रही खींचतान का खामियाजा वार्डवासियों को भुगतान पड़ रहा है। ऐसे वार्डों में समय पर और पूरी तरह सफाई नहीं हो रही है। 27 वार्डों में लगभग 300 कर्मचारियों से सफाई कराई जाती है। लेकिन इन दिनों आधे से भी कम कर्मचारी काम कर रहे हैं।


