भूखड़ी खुर्द की पंचायत का मालवा की पंचायतों को बैसाखी पर निमंत्रण दिया

भास्कर न्यूज | लुधियाना भूखड़ी खुर्द की पंचायत की ओर से मालवा की पंचायतों को बैसाखी पर निमंत्रण दिया है। मालवा की पंचायतों ने गांव भूखड़ी खुर्द का दौरा कर बुड्ढे दरिया के पानी में आये सुधारों के लिए कार सेवकों की सराहना की है। राज्य सभा सदस्य और पर्यावरण प्रेमी संत सीचेवाल ने सोमवार को दावा किया कि बुड्ढे दरिया के पानी में सुधार आ रहा है। इसे देखने के लिए मालवा की पंचायतों और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों ने गांव भूखड़ी खुर्द का दौरा किया। एतियाणा, छज्जवाली और ढोलणवाली से आए पंच-सरपंचों ने गांव भूखड़ी खुर्द में बुड्ढे दरिया के पानी में हुए सुधारों के लिए सीचेवाल मॉडल की सराहना की। पंचायतों का कहना था कि बुड्ढे दरिया का जहरीला और गंदा पानी मालवा और राजस्थान में कैंसर तथा अन्य भयंकर बीमारियों का कारण बन रहा था। पहले सभी राजनीतिक दलों ने बुड्ढे दरिया की सफाई को लेकर आशा छोड़ दी थी। वहीं भूखड़ी खुर्द की पंचायती ने 13 अप्रैल को दशकों बाद बुड्ढे दरिया पर मनाई जा रही बैसाखी के मेले में शामिल होने के लिए मालवा की पंचायतों को निमंत्रण दिया। पंचायतों ने उम्मीद जताई कि पवित्र काली वेईं की तर्ज पर बुड्‌ढा दरिया साफ हो सकेगा। सीचेवाल ने कहा कि पहला चरण 2 फरवरी 2024 को पौधे लगाने से शुरू हुआ था, जिसके तहत बुड्ढे दरिया के किनारों पर रास्ते बनाए गए और बड़े पैमाने पर पौधे लगाए गए हैं। दूसरे चरण में दरिया में गिर रहे गंदे पानी को रोकने का काम किया जा रहा है। इलाके में 79 डेयरियां थीं, जिनमें से चार-पाँच को छोड़कर बाकी ने गोहे आदि का प्रबंध कर लिया है। एतियाणा से सरपंच दलजीत सिंह, ढोलण से सरपंच गुरमेल सिंह, सरपंच छज्जवाली से सिंगारा सिंह, जंगियाणा से स्वर्णजीत सिंह और रौतां से दर्शन सिंह आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *