भूपेश का तंज- कुर्सी है जनाजा तो नहीं:Ex-CM बघेल ने विजय शर्मा को लिखा दफा हो जाइए, गृहमंत्री बोले- गड्ढे में लेट जाइए

एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और गृह मंत्री आमने-सामने हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिख दिया दफा हो जाइए, ये उन्होंने छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा के लिए लिखा। जवाब में गृह मंत्री विजय शर्मा ने कह दिया आप गड्ढे में लेट जाइए। दरअसल, कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने कवर्धा में खराब सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच बांग्लादेशी घुसपैठ की जानकारी देने के लिए गृह मंत्री विजय शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए टोल फ्री नंबर का पोस्ट शेयर किया। विजय शर्मा पर भूपेश बघेल का हमला इस पोस्ट में एक सोशल मीडिया यूजर ने खराब सड़क की बात लिखी तो विजय शर्मा ने जवाब में भूपेश बघेल का फोन नंबर दे दिया। इसके बाद भूपेश बघेल का तीखा रिएक्शन सामने आया। अपना नंबर गृहमंत्री को बांटता देख, बघेल ने पोस्ट में लिखा- कुर्सी है तुम्हारा ये जनाज़ा तो नहीं है। कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते कमाल है विजय शर्मा जी! आपके अधिकारी घुसपैठिए नहीं ढूंढ़ पा रहे हैं तो आपको जनता के पास जाना पड़ रहा है। सड़कों की दुर्गति ठीक करने के लिए आप मेरा नंबर लोगों को बांट रहे हैं। अपने बूते का नहीं लग रहा है तो छोड़िए उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री का पद। बल्कि पूरी भाजपा सरकार को इस्तीफ़ा देना चाहिए। जनता को ही संभालना है और हमें ही देखना है तो हम जनता के साथ देख लेंगे। आप दफ़ा हो जाइए। फिर गृहमंत्री ने दिया ये जवाब
विजय शर्मा ने रायपुर में इस मामले में मीडिया से बात की, उन्होंने कहा- भूपेश बघेल जी का मैं ट्वीट देख रहा था। उसमें कवर्धा की एक सड़क की बात कर रहे थे। उस सड़क के संदर्भ में उनके कार्यकर्ताओं ने गड्ढे में बैठकर प्रदर्शन किया। विगत समय में जब कांग्रेस की सरकार थी, मोहम्मद अकबर वहां से विधायक थे, 5 वर्षों में सड़क नहीं बनी, पैसा भी स्वीकृत नहीं हुआ। अभी हमने 4 करोड़ मुख्यमंत्री जी से आग्रह करके स्वीकृत कराया है। टेंडर हो चुका है। काम प्रारंभ हो गया है। विजय शर्मा ने कहा- अब जो गड्ढा है उस गड्ढे में कांग्रेस के लोगों को बैठना नहीं चाहिए उस गड्ढे में उनको लेटना चाहिए। वह जो गड्ढा है यह उन्हीं का बनाया गड्ढा है। यह मोहम्मद अकबर और भूपेश बघेल का बनाया गड्ढा है। इस गड्ढे में उनको अपना मुंह छुपाना चाहिए, क्योंकि उन्हीं का बनाया गड्ढा है। भाजपा की सरकार तो ऐसे अनेक और गड्ढे हैं उन्हें ठीक कर रही है। घुसपैठियों पर रोक के सवाल पर गृहमंत्री बोले- जन भागीदारी तो होगी ही। अधिकारी ढूंढ रहे हैं, कार्रवाई भी करेंगे। मैं भूपेश बघेल जी से ये कहना चाहता हूं कि आप भी इस नंबर पर फोन करके जानकारी दें। अगर आपको भी पता हो कोई घुसपैठिया यहां हो तो। लेकिन चक्कर यह है कि इटली की चश्में से घुसपैठिए दिखते नहीं है, उसके लिए छत्तीसगढ़ वाला चश्मा चाहिए होता है, तब घुसपैठिए दिखते हैं। लखमा को अनपढ़ मत कहिए
शराब घोटाला मामले में जेल में बंद कवासी लखमा को लेकर विजय शर्मा ने कहा- अमरजीत भगत और भूपेश बघेल ने मिलकर कवासी लखमा को फंसाया। लखमा को अनपढ़ कहना सही नहीं है, भई वो सीनियर विधायक हैं। कई बार MLA बनकर विधानसभा पहुंचे। मगर पिछली सरकार के दबाव में अफसरों ने भी काम किया, उनको तो सरकार के साथ चलना था। 28 जिलों के अधिकारी वही करते थे जो ये कहते थे। कांग्रेस ने बताया आपत्ति जनक
गृह मंत्री विजय शर्मा द्वारा अपने सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मोबाइल नंबर जारी करने पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति व्यक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि संविधान की शपथ लेकर डिप्टी सीएम जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति के द्वारा विपक्षी दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री का मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर डालना सीधे तौर पर उनके निजता के अधिकार का उल्लंघन कर रहे हैं। क्षमता और योग्यता से अधिक जिम्मेदारी मिल जाने से पहली बार के विधायक, गृह मंत्री विजय शर्मा अहंकार में राजनीतिक मर्यादा तोड़ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि डिप्टी सीएम विजय शर्मा जी, कवर्धा-बेमेतरा की सड़क तो हाईवे है। आम जनता और विपक्ष को सलाह देने के बजाय खुद ही लेट क्यों नहीं जाते। गड्ढों को सड़क से, सड़कों को गड्ढों से मुक्ति मिल जाती, नाकाबिल मंत्री से जनता को मुक्ति मिल जाए। आप विधायक रहिए और किसी योग्य विधायक का मंत्री पद पर युक्तियुक्तकरण करवा लें। हर मोर्चे पर नाकाम डिप्टी सीएम विजय शर्मा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *