भूपेश बघेल की टिप्पणी पर साहू समाज में आक्रोश:जशपुर में ज्ञापन सौंपा, 10 दिन में माफी न मांगने पर आंदोलन की चेतावनी

जशपुरनगर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर साहू समाज ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। समाज ने जशपुरनगर में एसएसपी शशि मोहन सिंह को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दस दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई, तो समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। साहू संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की टिप्पणी अमर्यादित और आपत्तिजनक है। इससे साहू समाज में गहरी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव साहू समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और प्रदेश के सम्मानित जनप्रतिनिधि भी हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। समाज ने कहा- भूपेश बघेल माफी मांगें जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस टिप्पणी से साहू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज की मांग है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने बयान को वापस लें और दस दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना करें। यदि निर्धारित समय सीमा में माफी नहीं मांगी जाती है, तो साहू समाज एकजुट होकर पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ व्यापक आंदोलन करेगा। इस अवसर पर ज्ञापन सौंपते समय प्रभुनाथ गुप्ता, कृष्ण कुमार साहू, गणेश साहू, तारकनाथ साव सहित साहू समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *